जोधपुर में तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हालात बिगड़ गए। गुस्साए लोगों ने नारेबाजी की और बस को आग लगा दी, जिससे तनाव की स्थिति बन गई
सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाया। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर भीड़ को शांत किया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। हादसा केरू क्षेत्र के लोरडी बस स्टैंड पर हुआ।
तेज रफ्तार बस को कंट्रोल नहीं कर पाया ड्राइवर
राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्रपाल सिंह ने बताया- लोक परिवहन बस शनिवार को शाम करीब 4 बजे जोधपुर से जैसलमेर जा रही थी। बस की टक्कर से बाइक सवार राजूराम (35) पुत्र पुनाराम भील निवासी लोरडी देजगरा की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार तेज थी। बस स्टैंड क्षेत्र में ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सड़क पर गिरने से उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और बस ड्राइवर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। गुस्साई भीड़ ने कुछ ही देर में बस को आग के हवाले कर दिया।
आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर भीड़ को शांत किया।
ड्राइवर-कंडक्टर की तलाश जारी
थानाधिकारी ने बताया- पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश की जा रही जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया।
बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे हादसे
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस रास्ते पर लंबे समय से बसें तेज रफ्तार में और लापरवाही से चलाई जा रही हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। लगातार हादसों के बाद भी प्रशासन की ओर से इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। #मुख्य ब्यूरो चीफ अशोक राजपुरोहित


