जालोर । जसवंतपुरा पुलिस ने गोलाणा गांव के पास स्थित झरडेश्वर महादेव मंदिर तप्तगिरी आश्रम में हुई चोरी की कोशिश और सेवकों से मारपीट के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है
यह घटना 13-14 सितंबर की रात को हुई थी। आरोपियों ने मंदिर परिसर में घुसकर चोरी करने की कोशिश की। जब मंदिर के सेवक जाग गए, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में गोलाणा निवासी रुपाराम पुत्र वगताराम भील ने 18 सितंबर को जसवंतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस नंबर 106 दर्ज कर अलग-अलग धाराओं में जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। साथ ही, मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि मंदिर निर्माण के दौरान पत्थर का काम कर चुके मजदूर किशोर कुमार उर्फ किशन सहित कुछ संदिग्ध इसमें शामिल हो सकते हैं।
पुलिस टीम ने संभावित जगहों पर तलाश की और मुखबिर की सूचना पर खेतरली खाडा पहुंचकर किशोर कुमार उर्फ किशन, भरत कुमार और कमलेश कुमार को पकड़ा। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में किशोर कुमार उर्फ किशन पुत्र मूंगसिंह (20), भरत कुमार पुत्र मोवना राम (22) और कमलेश कुमार पुत्र माधाराम (27) शामिल हैं। ये तीनों पाली जिले के नाणा थाना क्षेत्र के खेतरली खाडा गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। जिला क्राइम संवाददाता नेमाराम माली

