जोधपुर में पुलिस ने 33 लाख के मोबाइल लौटाए:पश्चिम साइबर सेल ने ढूंढ़ निकाले,जानिए फोन गुम होने पर क्या करें

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के जिला पश्चिम की टीमों ने साइबर सेल और संचार साथी (CEIR) पोर्टल की मदद से आमजन को बड़ी राहत दी है। पुलिस ने गुम और चोरी हुए 110 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 33 लाख रुपए बताई जा रही है

पुलिस उपायुक्त (जोधपुर पश्चिम) कमल शेखावत ने बताया कि साइबर सेल (पश्चिम) और जिला पश्चिम के विभिन्न थानों की टीमों ने संचार साथी पोर्टल की तकनीकी मदद से इन मोबाइलों को ट्रेस किया है। शेखावत के अनुसार इस पोर्टल की मदद से अब तक जिला जोधपुर पश्चिम द्वारा कुल 820 मोबाइल बरामद कर परिवादियों को लौटाए जा चुके हैं।

मोबाइल गुम होने पर क्या करें?

 

डीसीपी शेखावत ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत संचार साथी पोर्टल पर उसे ब्लॉक करवाएं। इसके लिए निम्नलिखित प्रक्रिया अपनाएं:

 

सबसे पहले संबंधित पुलिस थाने या पुलिस वेब पोर्टल (https://www.police.rajasthan.gov.in) पर ‘लॉस्ट आर्टिकल्स रिपोर्ट’ (lost articles report) के विकल्प पर जाकर ऑनलाइन मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाएं।

मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर कंपनी से अपने खोए हुए नंबर की नई सिम प्राप्त करें और ओटीपी सुविधा शुरू होने तक 24 घंटे का इंतजार करें।

इसके बाद सीईआईआर (CEIR) पोर्टल (https://www.ceir.gov.in) के होमपेज पर जाकर ‘ब्लॉक स्टोलन/लॉस्ट मोबाइल’ (Block Stolen / Lost Mobile) के विकल्प का चयन करें।

मोबाइल ब्लॉक फॉर्म को स्टेप-बाय-स्टेप भरें।

दर्ज करवाई गई मिसिंग रिपोर्ट की प्रति, मोबाइल का बिल और आईडी प्रूफ अपलोड करें।

फॉर्म सब्मिट करें और प्राप्त ‘रिक्वेस्ट आईडी’ (Request Id) को सुरक्षित रखें।

जैसे ही चोरी या खोए हुए उपकरण में नया नंबर डलेगा, वह ‘ट्रेसेबिलिटी रिपोर्ट’ (Traceability report) में दर्ज हो जाएगा।

पुलिस इस रिपोर्ट को देख सकेगी, साथ ही परिवादी भी अपनी रिक्वेस्ट आईडी से स्टेटस चेक कर सकेंगे।

मोबाइल मिलने पर पोर्टल के होमपेज पर ‘अन-ब्लॉक फाउंड मोबाइल’ (Un-Block Found Mobile) विकल्प का चयन कर उसे फिर से उपयोग में लें

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *