शनिवार को 9 पंचायतों में पहुंचा ग्राम रथ, योजनाओं की दी जानकारी, ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सुनी सरकार की उपलब्धियां एवं योजनाएं

संवाददाता कालु सिंह देवड़ा आमेट राजसमंद

___________________________

 

आमेट / राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत शनिवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत ग्राम रथ विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

 

प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम रथ के माध्यम से पंचायत समिति क्षेत्रों की ग्राम पंचायत नरदास का गुड़ा, सीमावास, मियाला, लासानी, खडबामनिया, काबरा, कोटड़ी, मेहंदूरिया, राजपुरा, गवारड़ी, धनेरिया, जिलोला, साकरड़ा, राछेटी एवं लिकी में एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल माध्यमों एवं प्रचार सामग्री के जरिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। ग्रामीणों को मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, नरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रमों के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव भी साझा किए, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच रही है तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *