राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में बाड़मेर जिले में कलेक्टर स्तर पर बदलाव किया गया है। वर्तमान कलेक्टर टीना डाबी का ट्रांसफर टोंक कर दिया गया है, जबकि 2014 बैच की आईएएस अधिकारी सुश्री चिमनयी गोपाल को बाड़मेर का नया जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। चिमनयी गोपाल का तबादला जयपुर स्थित कृषि एवं पंचायती राज विभाग के आयुक्त पद से किया गया है।
चिमनयी गोपाल को तीसरी बार कलेक्टर की जिम्मेदारी
चिमनयी गोपाल 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और बाड़मेर उनका बतौर कलेक्टर तीसरा जिला होगा। इससे पहले वे झुंझुनू और टोंक में भी कलेक्टर रह चुकी हैं, हालांकि वहां उनका कार्यकाल अपेक्षाकृत कम अवधि का रहा। अब बाड़मेर जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील जिले में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है
टीना डाबी का 18 माह का कार्यकाल, अब टोंक में नई जिम्मेदारी
आईएएस टीना डाबी को 5 सितंबर 2024 को बाड़मेर कलेक्टर नियुक्त किया गया था। उन्होंने करीब 18 माह तक इस पद पर कार्य किया। उनके कार्यकाल में “नवो बाड़मेर” जैसे कई नवाचार शुरू किए गए, हालांकि इनमें से कुछ योजनाएं पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाईं। जल संचयन के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए उन्हें राष्ट्रपति से सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। अब उन्हें टोंक जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले भी हुआ था एसपी का तबादला
बाड़मेर जिले में पिछले महीने पुलिस प्रशासन में भी बदलाव किया गया था। एसपी पद पर चूनाराम जाट को नियुक्त किया गया था। अब कलेक्टर स्तर पर हुए इस बदलाव के साथ जिले में प्रशासनिक टीम पूरी तरह नई हो गई है।


