जोधपुर शहर में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर कालिका पेट्रोलियम यूनिट सख्त नजर आ रही है। यूनिट की टीम लगातार सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रख रही है ताकि छेड़छाड़ और फब्तियां कसने जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इसी कड़ी में सोमवार को कालिका पेट्रोलियम यूनिट ने सरदारपुरा स्थित नेहरू पाक पार्क में गश्त की। इस दौरान पार्क में टहलने और घूमने आई महिलाओं और लड़कियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि अगर कहीं भी असुरक्षा महसूस हो तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सूचना दें,जिससे टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता कर सके। यूनिट की ओर से महिलाओं को राजकॉप ऐप डाउनलोड करवाकर ‘नीड हेल्प’ फीचर की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता मिल सके। कालिका पेट्रोलियम यूनिट की हेड एसआई प्राची गुर्जर ने बताया कि शहर में मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी कोई व्यक्ति महिलाओं से अभद्र व्यवहार करते पाया जाता है, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती है। नीली यूनिफॉर्म और काली स्कूटी में तैनात महिला पुलिसकर्मी स्कूल, कॉलेज, बाजार और मॉल जैसे संवेदनशील इलाकों में भी लगातार गश्त कर रही हैं। उनका उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और मनचलों पर सख्त कार्रवाई करना है।

