संवाददाता बालोतरा

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् के तत्वावधान में जिला प्रशासन के निर्देशन तथा शिक्षा विभाग बालोतरा के सहयोग से पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत खेल गौरव प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 500 शारीरिक शिक्षकों ने भाग लेकर खेल गतिविधियों एवं प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सिद्धार्थ दीप, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि दीपाराम, उपनिदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवाराम प्रजापत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बालोतरा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भुवनेश्वर सिंह चौहान ने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद अतिरिक्त शिक्षा अधिकारी भोम सिंह भाटी ने मंचासीन अतिथियों एवं उपस्थित शारीरिक शिक्षकों का स्वागत करते हुए पंच गौरव योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् के तत्वावधान में खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा विभाग को सौंपी गई है।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक पर्वत सिंह राठौड़ ने योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग का नियमित अभ्यास दैनिक जीवन के साथ-साथ विद्यालयी खेल गतिविधियों में भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने योग के विभिन्न आयामों और विधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि योग के माध्यम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
व्याख्याता शारीरिक शिक्षा अभिनव सिंह राठौड़ ने शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर व्याख्यान देते हुए बताया कि वर्तमान समय में खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से करियर निर्माण के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सत्र 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले बालोतरा जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों, उनके कोच एवं शारीरिक शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर लगभग 500 शारीरिक शिक्षकों की उपस्थिति सराहनीय है। उन्होंने अपने शिक्षण काल का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें हमेशा पीईटी के कार्यों में विशेष रुचि रही है। उन्होंने सभी शारीरिक शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में बालोतरा जिले से अधिकाधिक खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए सुनिश्चित करने का प्रयास करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत ने प्रशिक्षण सत्र की सराहना करते हुए बताया कि क्रीड़ा परिषद् के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण, सम्मेलन, भ्रमण कार्यक्रमों के साथ-साथ ब्लॉक एवं जिला स्तर पर क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।
कार्यक्रम का मंच संचालन पर्वत सिंह एवं तुलछाराम ने किया। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का दायित्व अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी हड़मताराम, पृथ्वीसिंह, गोपाल सिंह राजपुरोहित, राजेन्द्र पाल पटेल, अशोक कुमार, लिकमाराम, नरेन्द्र कुमार, उम्मेद सिंह, सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, मुकेश कुमार शर्मा तथा मोहनलाल सहित अन्य कार्मिकों ने संभाला।
इस अवसर पर जिलेभर से आए लगभग 500 शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे और प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाया।

