शहरी सेवा शिविर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे एवं प्रमाण पत्र

बालोतरा, 16 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत नगर परिषद बालोतरा में मंगलवार को जिला परिवहन अधिकारी भगवाना राम एवं जिला रसद अधिकारी हंजारीलाल आलोरिया ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर सुधार न्यास बालोतरा के सचिव अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों एवं आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को पट्टों का वितरण किया गया तथा नाम परिवर्तन एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक वितरित कर स्वरोजगार को प्रोत्साहन दिया गया।
अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिकाधिक लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *