बालोतरा, 16 जून। बदलते कृषि परिदृश्य, बढ़ती उत्पादन लागत और भूमि की घटती उर्वरता के बीच प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत समिति परिसर बालोतरा में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में किसानों को रसायन मुक्त खेती अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों आधारित कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने से किसानों की आय बढ़ेगी और भूमि की गुणवत्ता भी संरक्षित रहेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मानव स्वास्थ्य, पशु-पक्षियों तथा मिट्टी की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र गुड़ामालानी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. प्रदीप पगारिया ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पक्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पद्धति भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. बाबूलाल जाट ने जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत, गोमूत्र आधारित कीटनाशक तथा अन्य प्राकृतिक खेती तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
संयुक्त निदेशक कृषि पदमसिंह भाटी ने किसानों को प्राकृतिक खेती एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। वहीं सहायक निदेशक उद्यान भैराराम गोदारा ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, वर्मीकम्पोस्ट निर्माण एवं जैविक बीज उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला के दौरान प्राकृतिक खेती एवं जैविक कृषि से संबंधित पम्फलेट एवं साहित्य किसानों को वितरित किए गए। उपस्थित किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नियमित प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन मिलने पर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का दायरा तेजी से बढ़ सकता है।
इस अवसर पर जिला संयोजक शांतिलाल सुधार, वरिष्ठ भाजपा नेता भवानी सिंह रापरा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष पप्पुराम बिश्नोई, भाजपा जिला महामंत्री मालाराम बावरी, जिला उपाध्यक्ष खेताराम प्रजापत, जिला परिषद सदस्य उमाराम पटेल, सोसायटी अध्यक्ष अखाराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

