बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दो नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण और उसका वीडियो बनाने और पैसे कमाने के लालच में क्लिप को सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की पहचान
________
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय किरण कुमार नायक और 20 वर्षीय आदित्य एमके के रूप में हुई है। किरण कुमार कागलीपुरा के पास कैडल्लीपाल्या का रहने वाला है और मवेशी चराने का काम करता है।
वहीं दूसरा आरोपी आदित्य चन्नापटना में स्विमिंग पूल में मेंटेनेंस स्टाफ है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें ये घिनौने कृत्य रिकॉर्ड किए गए थे।
अनाथ बच्चियों को बनाया शिकार
__________
पीड़ित बच्चियों की उम्र महज 11 और 12 साल है, जो बेंगलुरु दक्षिण जिले के रामनगर के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। कई साल पहले उनकी मां का निधन हो गया था, जबकि शराब की लत के शिकार उनके पिता की भी दो साल पहले मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद से दोनों बच्चियां अपने चाचा के साथ रह रही थीं, जो आरोपियों में से एक का करीबी है।
चाचा बना हैवान
_____
जांच में सामने आया है कि चाचा ने आरोपी किरण कुमार और उसके साथी से पैसे लिए और उन्हें बच्चियों को अपने साथ ले जाने की इजाजत दे दी। पुलिस के मुताबिक, पिछले एक साल से इन नाबालिगों का लगातार यौन शोषण किया जा रहा था।
साइबर कमांड सेंटर के महानिदेशक प्रणब मोहंती ने बताया कि इस संबंध में कागलीपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़ित बच्चियों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस बच्चियों के फरार चाचा की तलाश कर रही है।

